कोरोना कहर को कैश करने में जुटे लोगों पर प्रशासन ने रविवार देर शाम को बड़ी कार्रवाई की है। कविनगर थाना क्षेत्र में छापामार टीम ने नकली सैनिटाइजर बनाने की बड़ी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यह फैक्ट्री कविनगर थाना क्षेत्र के शाहपुर बम्हेटा गांव की मानसरोवर पार्क काॅलोनी के एक घर में चल रही थी।
ड्रग इंस्पेक्टर पूरन चंद ने बताया कि उन्हें देर शाम को सूचना मिली कि बम्हेटा गांव में नकली सैनिटाइजर बनाने काम व्यापक पैमाने पर चल रहा है। सूचना के आधार पर मानसरोवर पार्क कॉलोनी के एक घर में छापा मारा गया।
छापे के दौरान 1500 लीटर लिक्विड, ढाई हजार तैयार की गई बोतल और सैनिटाइजर प्रयुक्त की जाने वाली मशीनें बरामद की गई हैं। इसके अलावा ढाई हजार ऐसी बोतल भी बरामद की गई हैं, जिन पर लैबल लगाया जाना बाकी था। खाली बोतल व लैबल भी बरामद किए गए हैं।
बताया गया है कि एक पिकअप गाड़ी भी छापे के दौरान पकड़ी गई है। ये लोग इसी गाड़ी से सैनिटाइजर की आपूर्ति करते थे। ड्रग इंस्पेक्टर के मुताबिक आवासीय क्षेत्र में चल रही इस नकली फैक्ट्री के संचालकों के पास कोई लाइसेंस नहीं था। साथ ही कई जिलों के लोग इसमें काम कर रहे थे। संभावना जताई जा रही है कि ये नकली सैनिटाइजर दिल्ली एनसीआर में आपूर्ति की जा रही थी। छापे के दौरान फैक्टरी का संचालन कर रहे दो सगे भाइयों समेत छह लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया है। इन सभी के खिलाफ उचित धाराओं में कविनगर थाने में एफआइआर दर्ज कराई जा रही है।